मुजफ्फरपुर: सेकेंड डिविजन आने से आहत छात्रा ने उठाया खौफनाक कदम, घर में फंदे से झूलकर दी जान


 मुजफ्फरपुर — जिले के सरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत के इब्राहिमपुर गांव से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां इंटरमीडिएट परीक्षा में सेकेंड डिविजन आने से आहत एक छात्रा ने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।

मृतका की पहचान मिंटू राम की 18 वर्षीय पुत्री अल्पना रानी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अल्पना पढ़ाई में काफी मेधावी थी और इस बार अच्छे अंक लाने की उम्मीद कर रही थी। उसने अपने परिवार से फर्स्ट डिविजन लाने की बात भी कही थी।

बताया जा रहा है कि जब परीक्षा परिणाम घोषित हुआ और उसे सेकेंड डिविजन मिला, तो वह मानसिक रूप से काफी आहत हो गई। इसी सदमे में उसने घर के अंदर यह कदम उठा लिया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद परिजन उसे तुरंत सरैया स्थित सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

गांव में पसरा मातम

घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोग और रिश्तेदार बड़ी संख्या में परिजनों के घर पहुंच रहे हैं और उन्हें सांत्वना दे रहे हैं।

जांच में जुटी पुलिस और एफएसएल टीम

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर भेज दिया। वहीं, एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ