मधेपुरा: चौसा प्रखंड में दर्दनाक सड़क हादसा, युवक की मौत


 मधेपुरा जिले के चौसा प्रखंड से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक युवक की जान चली गई। घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, चौसा प्रखंड के धनेशपुर पंचायत अंतर्गत तीरण टोला निवासी रामचंद्र यादव के 22 वर्षीय पुत्र रतन कुमार किसी निजी कार्य से फुलौत बाजार गए हुए थे। शाम करीब 8 बजे वह अपने दो साथियों के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।

इसी दौरान फुलौत डाक बंगला चौक और पेट्रोल पंप के बीच सामने से आ रहे एक हाईवा वाहन को देखकर उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर गिर गई। इस हादसे में रतन कुमार के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गए।

घटना के तुरंत बाद उनके साथियों ने उन्हें इलाज के लिए चौसा सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन दुर्भाग्यवश, अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही रतन कुमार ने दम तोड़ दिया।

इस घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं, गांव और आसपास के इलाके में भी शोक की लहर फैल गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ