प्रेम-प्रसंग में ‘खूनी’ अंजाम! 2 दोस्तों की हत्या का खुलासा, 24 घंटे में महिला समेत 5 गिरफ्तार


 नवगछिया (भागलपुर): नवगछिया पुलिस ने दोहरे हत्याकांड का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज वारदात के पीछे प्रेम-प्रसंग को मुख्य वजह बताया जा रहा है। एसपी प्रेरणा कुमार ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।

केला बागान में ले जाकर मारी गोली

पुलिस के अनुसार घायल युवक अजेश उर्फ अजय कुमार का गांव की ही एक लड़की से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। घटना वाले दिन अजेश लड़की से मिलने उसके घर गया था, जबकि उसके दो दोस्त गुलशन और नीरज बाहर खड़े होकर नजर रख रहे थे ताकि कोई उन्हें देख न ले।

इसी दौरान लड़की के परिजनों को इसकी भनक लग गई। परिजनों ने तीनों युवकों को पकड़ लिया और उन्हें कलबलिया धार के पास एक केला बागान में ले गए। वहां तीनों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी गई।

इस हमले में गुलशन और नीरज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अजेश गंभीर रूप से घायल अवस्था में किसी तरह जान बचाकर भाग निकला।

24 घंटे में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

घटना के बाद नवगछिया पुलिस ने SIT का गठन कर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की। तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर 24 घंटे के भीतर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें:

नीतीश कुमार

अखिलेश उर्फ रूबल (पिता – देवो मंडल)

संजो देवी (पति – देवो मंडल)

देवो मंडल (बोरवा निवासी)

विजय मंडल (गोसाई गांव निवासी)

पुलिस का बयान

एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी है। इस पूरे केस में घायल अजेश का बयान सबसे अहम कड़ी साबित हुआ।

परिजनों में मातम

मृतक गुलशन के भाई अखिलेश मंडल ने बताया कि तीनों दोस्त होली के मौके पर ससुराल आए थे और वहां से लौटते समय यह दर्दनाक घटना हो गई। इस घटना के बाद परिवार में रो-रोकर बुरा हाल है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ