मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी जिले में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब हरसिद्धि थाना क्षेत्र के सोनबरसा गिरे टोला सेरेह स्थित एक आम के बगीचे में एक युवक और एक महिला के शव पेड़ से लटके मिले। दोनों शव करीब 20 फीट ऊंचे आम के पेड़ की अलग-अलग टहनियों से लटके हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मृतकों की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के पकड़िया गांव निवासी जोगेंद्र बैठा के बेटे भोला बैठा (30) और उसी इलाके की सफीना खातून (30) के रूप में बताई गई है। दोनों एक-दूसरे के पड़ोसी बताए जा रहे हैं। एक ही पेड़ की अलग-अलग टहनियों पर मिले शव घटनास्थल पर पहुंची टीम के मुताबिक, आम के पेड़ की एक टहनी पर भोला का शव करीब 10 फीट की ऊंचाई पर था, जबकि दूसरी टहनी पर सफीना का शव करीब 8 फीट की ऊंचाई पर मिला। दोनों शवों के ठीक नीचे जमीन पर उनकी चप्पलें एक ही जगह पर रखी हुई थीं। घटना की परिस्थितियों को देखते हुए मामला कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दोनों ने अपनी इच्छा से ऐसा कदम उठाया या फिर घटना के पीछे कोई दूसरा कारण है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। करीब 2 किलोमीटर दूर था भोला का घर घटनास्थल से भोला का घर करीब दो किलोमीटर दूर बताया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पत्रकारों की टीम भी मौके पर पहुंची। घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता आसान नहीं था। टीम को करीब दो किलोमीटर की दूरी नाव से तय करनी पड़ी। भोला के घर पहुंचने पर परिवार में मातम का माहौल था। उसकी पत्नी और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं, भोला के पिता जोगेंद्र बैठा ने बताया कि वह खेती करने के साथ किराना दुकान चलाते थे और पिकअप गाड़ी भी चलाते थे। घटना वाले दिन सुबह से सामान्य था भोला का दिन परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन सुबह करीब 8 बजे खाना खाने के बाद भोला खेती के काम से घर से निकला था। वह अपने पिता के साथ किराना दुकान पर भी गया था। जोगेंद्र के मुताबिक, दोपहर करीब 1 बजे भोला खाना खाने के लिए घर आया था। पत्नी ने उसे खाना खिलाया और कुछ देर आराम करने के लिए छोड़ दिया। इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे भोला उठा और अपनी बेटी के हाथ में मोबाइल देकर घर से निकल गया। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार को चिंता होने लगी। रात तक घर नहीं लौटने पर शुरू हुई तलाश रात करीब 8 बजे तक भोला के घर नहीं लौटने पर उसकी बहू ने फोन कर परिवार को जानकारी दी। बताया गया कि भोला का मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ गया था। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पहले आसपास और गांव में खोजबीन की गई। काफी देर तक पता नहीं चलने पर गांव के अन्य लोग भी तलाश में जुट गए। इसी दौरान दोनों के शव आम के पेड़ से लटके मिलने की जानकारी सामने आई। सफीना के पति ने कही यह बात रिपोर्ट के अनुसार, सफीना के पति सलाउल्लाह खान ने बताया कि दोनों कभी-कभी मिलते थे। पड़ोसी होने के कारण उनके बीच जान-पहचान और बातचीत को सामान्य माना जाता था। उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि दोनों के बीच किसी तरह का प्रेम-संबंध चल रहा था। बताया जा रहा है कि सफीना की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी। बाद में भोला और सफीना के बीच नजदीकियां बढ़ने की बात सामने आई। हालांकि, यह जानकारी फिलहाल परिजनों के बयानों और स्थानीय चर्चा पर आधारित है, जिसकी पुलिस स्तर पर पुष्टि होना बाकी है। पत्नी ने भी दोनों के संबंधों की जानकारी होने की बात कही भोला की पत्नी लीलावती देवी के अनुसार, उसे दोनों के बीच संबंधों के बारे में जानकारी थी। उसने बताया कि भोला कई बार सफीना का हाथ पकड़कर उसके साथ जाता था। परिवार में विवाद न बढ़े और बेटी का घर न टूटे, इस वजह से उसने मामले को ज्यादा तूल नहीं दिया। लीलावती ने यह भी बताया कि घटना वाले दिन भोला ने घर से निकलते समय उससे ऐसी बात कही थी, जिससे बाद में परिवार को चिंता हुई। हालांकि, उसके मुताबिक भोला पहले भी इस तरह की बातें कर चुका था, इसलिए उसने उस समय इसे गंभीरता से नहीं लिया। पुलिस कई बिंदुओं पर कर रही जांच घटना की सूचना मिलने के बाद हरसिद्धि थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया और जांच की गई। पुलिस इस पूरे मामले में कई बिंदुओं पर जांच कर रही है— दोनों की घटनास्थल तक पहुंचने की परिस्थितियां क्या थीं? दोनों के मोबाइल फोन और कॉल रिकॉर्ड में क्या जानकारी मिलती है? क्या दोनों के बीच वास्तव में प्रेम-संबंध था? क्या दोनों ने खुद यह कदम उठाया या घटना के पीछे कोई अन्य व्यक्ति शामिल है? घटनास्थल पर मिले अन्य साक्ष्यों से क्या संकेत मिलते हैं? फिलहाल पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक और महिला की मौत की वास्तविक वजह क्या थी।
0 टिप्पणियाँ