NH-31 पर ट्रैजिक हादसा: अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे दो लोगों की मौके पर मौत


 खगड़िया : ठठ्ठा गांव के समीप NH-31 पर गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अपनी बड़ी मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतकों की पहचान रणवीर यादव (उम्र 40 वर्ष) और जवाहर (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों अपने बड़ी मां का अंतिम संस्कार करने मुंगेर घाट जा रहे थे, तभी रास्ते में यह भीषण हादसा हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों के शव NH-31 पर क्षत-विक्षत अवस्था में पड़े रहे।

घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने NH-31 को जाम कर दिया। परिजनों की मांग है कि जब तक DM और SP मौके पर नहीं पहुंचते, तब तक जाम नहीं हटाया जाएगा। साथ ही मृतकों के परिवार को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग भी की जा रही है।

घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई है और माहौल काफी तनावपूर्ण बना हुआ है। पुलिस प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा है, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ