होली पर्व से ठीक पहले शराबबंदी की व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। वीरपुर थाना क्षेत्र के नौला गांव स्थित नौला चौक पर मंगलवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक मोटरसाइकिल से अवैध अंग्रेजी शराब की बोतलें सड़क पर गिरकर बिखर गईं।
तेज रफ्तार में असंतुलित हुआ बाइक सवार
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, तेज रफ्तार से आ रहा बाइक सवार चौक के समीप अचानक असंतुलित हो गया। बाइक पर लदे बोरे से शराब की बोतलें सड़क पर गिर पड़ीं। मुख्य सड़क होने के कारण कई बोतलें वाहनों की चपेट में आकर चकनाचूर हो गईं।
मौके पर मची अफरातफरी
घटना के बाद कुछ लोग टूटी और सही-सलामत बोतलें उठाते भी नजर आए, जिससे चौक पर अफरातफरी का माहौल बन गया। इसी बीच शराब कारोबारी बाइक समेत मौके से फरार हो गया, लेकिन जल्दबाजी में उसका मोबाइल फोन घटनास्थल पर ही गिर गया।
पुलिस ने मोबाइल जब्त किया, सीसीटीवी खंगाला जा रहा
सूचना मिलते ही नौला पुलिस पिकेट प्रभारी संजय कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सड़क पर बिखरी बोतलों को हटवाया और गिरे मोबाइल फोन को जब्त कर लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर बाइक सवार और मोटरसाइकिल की पहचान में जुटी है।
होली से पहले शराबबंदी पर उठे सवाल
होली से ठीक पहले हुई इस घटना ने क्षेत्र में शराबबंदी कानून की प्रभावशीलता पर चर्चा तेज कर दी है। थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ