मधेपुरा में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में जमकर मारपीट; कई घायल, दो महिलाओं की हालत गंभीर


 मधेपुरा: जिले के भर्राही थाना क्षेत्र अंतर्गत नाढ़ी खारी पंचायत के यादवनगर वार्ड-6 में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस मारपीट में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है, जहां दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मकई काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद

एक पक्ष की पीड़िता वीणा देवी ने भर्राही थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि गांव के निलेश कुमार और घनश्याम यादव ने उनके खेत से मकई काट ली। विरोध करने पर गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू कर दी गई।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी उनके घर तक पहुंच गए और फिर से हमला किया। बीच-बचाव करने आई उनकी बहू नूतन देवी और गौरी देवी को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

दूसरे पक्ष का भी आरोप

वहीं, दूसरे पक्ष ने भी मारपीट का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि राजो यादव, धीरज कुमार, बंटी यादव और भूषण यादव के साथ लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा था।

घटना के दिन जब घनश्याम यादव की पत्नी और भाभी खेत देखने गईं, तभी पहले से घात लगाए 25-30 लोगों ने हथियारों के साथ हमला कर दिया।

फायरिंग और अफरातफरी

हमलावरों ने महिलाओं की बेरहमी से पिटाई की। शोर सुनकर पहुंचे परिजनों पर भी हमला किया गया। इस दौरान दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की भी बात सामने आई है।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। भर्राही थानाध्यक्ष ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ