मधुबनी में लव मैरिज विवाद पर पंचायत पड़ी भारी: मुखिया, सरपंच, जदयू अध्यक्ष समेत 7 गिरफ्तार, 17 पर FIR

 

मधुबनी जिले के कलुआही थाना क्षेत्र के मधेपुर गांव में लव मैरिज विवाद को लेकर बुलाई गई सामाजिक पंचायत हिंसक झड़प में बदल गई। पंचायत के दौरान युवक की पिटाई के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुखिया, सरपंच और जदयू प्रखंड अध्यक्ष समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, दो समुदायों के बीच हुई शादी के विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई थी। लड़की को वापस करने की बात कही जा रही थी, लेकिन लड़के पक्ष ने लड़की के बालिग होने और कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए पंचायत में आने से इनकार कर दिया।

इसी बात को लेकर माहौल गरमा गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। लड़के पक्ष के एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घायल युवक के बयान पर पुलिस ने 17 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार आरोपियों में पंचायत मुखिया दिनेश प्रसाद सिंह, जदयू प्रखंड अध्यक्ष उदयकांत चौधरी, सरपंच रामानंद चौधरी समेत अन्य लोग शामिल हैं।

फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ