भोजपुरी कंटेंट क्रिएटर सरिता देवी की मौत, पुलिस ने मोबाइल जब्त कर जांच शुरू की


 आरा में भोजपुरी कंटेंट क्रिएटर सरिता देवी की मौत, पुलिस ने मोबाइल जब्त कर जांच शुरू की


आरा | मदेपुरा समाचार


भोजपुर जिले के आरा शहर में चर्चित भोजपुरी कंटेंट क्रिएटर सरिता देवी (35) की रविवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना नवादा थाना क्षेत्र के अनाईठ मोहल्ले की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मौत से पहले इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थीं इमोशनल रील्स

सरिता देवी की इंस्टाग्राम आईडी @arajilasuhani55 पर 22 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं और उनके कई वीडियो लाखों बार देखे जा चुके हैं। परिजनों के अनुसार, घटना से पहले उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगातार तीन इमोशनल भोजपुरी गानों पर रील्स पोस्ट की थीं। हालांकि पुलिस ने अभी तक इन पोस्टों और मौत के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है।



पति ने क्या बताया?

मृतका के पति उमेश शर्मा ने बताया कि रविवार को सरिता अपनी टीम के साथ आरा के रमना मैदान में वीडियो शूट करने गई थीं। रात करीब आठ बजे घर लौटने के बाद उन्होंने परिवार के साथ सामान्य बातचीत की और खाना खाने के बाद अपने कमरे में चली गईं।

उनके मुताबिक, देर रात उनकी नींद खुलने पर सरिता कमरे में अचेत अवस्था में मिलीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस कर रही है जांच

नवादा थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी ने बताया कि डायल-112 से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मौत के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस ने मृतका का मोबाइल जब्त कर लिया है और पति व परिजनों के बयान के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।

सोशल मीडिया पर थीं लोकप्रिय

सरिता देवी मूल रूप से अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के बंघौर नारायणपुर गांव की रहने वाली थीं। परिजनों के अनुसार, पहले उनकी एक लोकप्रिय सोशल मीडिया आईडी हैक हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने नई आईडी बनाकर फिर से कंटेंट बनाना शुरू किया था।



यदि आप या आपका कोई परिचित भावनात्मक संकट से जूझ रहा है या खुद को नुकसान पहुंचाने जैसे विचार आ रहे हैं, तो किसी भरोसेमंद व्यक्ति से तुरंत बात करें या अपने क्षेत्र की आपातकालीन मानसिक स्वास्थ्य सहायता लें। समय पर मदद मिलना महत्वपूर्ण है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ