दिल्ली में खूनी बुधवार: बिहार की महिला और तीन मासूम बेटियों की गला रेतकर हत्या, आरोपी पति फरार


 नई दिल्ली/बाढ़ | 26 फरवरी 2026:

देश की राजधानी दिल्ली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली के समयपुर बादली स्थित चंदन पार्क इलाके में बुधवार सुबह एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतकों में बिहार के पटना जिले के बाढ़ (मोकिमपुर गांव) की रहने वाली महिला और उसकी तीन मासूम बेटियां शामिल हैं।

इस जघन्य हत्याकांड का मुख्य आरोपी महिला का पति मुनचुन केवट (34) बताया जा रहा है, जो वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में कई राज्यों में छापेमारी कर रही है।

सोते समय उतारा मौत के घाट, नशीला पदार्थ देने की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया।

मृतकों की पहचान 32 वर्षीय अनीता और उसकी तीन बेटियों — अनुष्का (5 वर्ष), मुस्कान (4 वर्ष) और पल्लवी (3 वर्ष) के रूप में हुई है। चारों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई।

डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी के अनुसार, आशंका है कि आरोपी ने पहले पत्नी और बच्चों को खाने-पीने में नशीला पदार्थ दिया, जिससे वे बेहोश हो गए। इसके बाद नींद की हालत में उनकी हत्या कर दी गई। यही कारण है कि पड़ोसियों को किसी तरह की चीख-पुकार या शोर सुनाई नहीं दिया।

सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी, 6 टीमें तलाश में जुटीं

पुलिस को इलाके के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिसमें आरोपी मुनचुन केवट वारदात के बाद भागते हुए दिखाई दे रहा है। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस की 6 विशेष टीमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और बिहार में लगातार छापेमारी कर रही हैं। एक विशेष टीम को बिहार के बाढ़ क्षेत्र में भी भेजा गया है।

बाढ़ के मोकिमपुर गांव में पसरा मातम

जैसे ही यह खबर बाढ़ के मोकिमपुर गांव पहुँची, पूरे इलाके में सन्नाटा और मातम छा गया। आरोपी के बुजुर्ग माता-पिता गांव में ही रहकर मजदूरी और खेती करते हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, मुनचुन साल में एक-दो बार ही गांव आता था। पिछली बार वह अप्रैल 2025 में एक शादी समारोह में परिवार के साथ आया था। अनीता का मायका बदरबाली गांव में है, जहां घटना की खबर मिलते ही कोहराम मच गया।

इलाके में दहशत, इंसानियत शर्मसार

इस सामूहिक हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मासूम बच्चियों की निर्मम हत्या से लोगों में आक्रोश और दहशत है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ