मधेपुरा | बिहार:
आलमनगर प्रखंड क्षेत्र के इटहरी पंचायत अंतर्गत भ्रमरपुर टोला, वार्ड संख्या–06 निवासी गंगा राय के 22 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार की सड़क दुर्घटना में असामयिक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। यह दर्दनाक हादसा मधेपुरा में हुआ, जहां दीपक रहकर अपनी पढ़ाई कर रहा था।
दीपक एक मेहनती और होनहार छात्र था। उसका सपना था कि पढ़-लिखकर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन करे। वहीं उसके पिता गंगा राय का भी एक ही सपना था कि उनका बेटा पढ़-लिखकर बड़ा अधिकारी बने। इसी उम्मीद के सहारे वे 60 वर्ष की उम्र में भी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे, ताकि बेटे की पढ़ाई में कोई कमी न रह जाए।
बताया जाता है कि वे अपनी पसीने की कमाई से दीपक की फीस, किताबें और रहने-खाने का खर्च उठाते थे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
दुर्घटना के बाद गंभीर रूप से घायल दीपक को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जैसे ही उसका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, कोहराम मच गया। परिजनों के करुण क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो उठा।
गांव में शोक की लहर
एक पिता के सपनों का इस तरह टूट जाना पूरे गांव को झकझोर गया है। स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दे रहे हैं। हर आंख नम है और हर कोई यही कह रहा है कि दीपक की असमय मौत ने एक परिवार के अरमानों को चकनाचूर कर दिया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है, ताकि इस कठिन समय में उन्हें कुछ सहारा मिल सके।

0 टिप्पणियाँ