बेगूसराय | 02 मार्च 2026 | संवाददाता
बेगूसराय जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत संत नगर बड़ी एघु से पुलिस ने एक फर्जी महिला दरोगा को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला खुद को पुलिस सब-इंस्पेक्टर (SI) बताकर लोगों से ठगी कर रही थी। लोगों को शक न हो, इसके लिए वह घर से पुलिस की वर्दी पहनकर ही निकलती थी।
'ऊपर तक पहुंच है, आपका काम हो जाएगा' कहकर करती थी ठगी
आरोपी महिला लोगों से कहती थी — “मेरी ऊपर तक पहुंच है, आपका काम हो जाएगा। फिलहाल मेरी ड्यूटी कोर्ट में है। मेरे पति सेना में हैं।” इसी बहाने वह केस पैरवी, नौकरी और अन्य काम कराने के नाम पर पैसे ऐंठती थी।
वर्दी और दो फर्जी नेम प्लेट बरामद
पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी महिला के किराए के कमरे से पुलिस की वर्दी और दो फर्जी नेम प्लेट बरामद की हैं। अब तक की जांच में सामने आया है कि महिला ने करीब 6 लोगों से लगभग 50 हजार रुपये की ठगी की है।
फर्जी नाम से रह रही थी महिला, असली पहचान सामने आई
पूछताछ में महिला ने पहले अपना नाम निशु सिंह बताया, लेकिन जांच के दौरान उसका असली नाम कजोमा कुमारी (28 वर्ष) सामने आया। वह मटिहानी प्रखंड के खोरमपुर गांव की रहने वाली है। उसने स्वीकार किया है कि वह पुलिस विभाग में तैनात नहीं है और ठगी के उद्देश्य से खुद को दरोगा बताती थी।
अलग-अलग जगह किराए के मकान में रहती थी
पुलिस जांच में पता चला है कि कजोमा कुमारी अलग-अलग जगहों पर किराए के मकानों में रहकर ठगी करती थी। वह हमेशा पुलिस की वर्दी में बाहर निकलती थी, जिससे आसपास के लोगों को कभी उस पर शक नहीं हुआ।
सोमवार को हंगामे के बाद हुआ खुलासा
सोमवार सुबह जब कई पीड़ित अपने पैसे मांगने उसके कमरे पर पहुंचे तो हंगामा हो गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छापेमारी कर महिला को गिरफ्तार कर लिया।
DSP का बयान
DSP आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि महिला पुलिस की वर्दी और नेम प्लेट का दुरुपयोग कर लोगों से ठगी कर रही थी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं।

0 टिप्पणियाँ