समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र के शंकर चौक वार्ड संख्या-1 में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पति ने पत्नी का बेल्ट से गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के गले पर काले निशान पाए गए हैं, जिससे गला घोंटने की पुष्टि होती है।
मृतका की पहचान मोनी कुमारी (25) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम अंकेश कुमार (30) बताया जा रहा है।
बच्चे को लेकर हुआ विवाद, फिर उतारा मौत के घाट
मायके पक्ष के अनुसार, मोनी को संतान नहीं हो रही थी, इसी बात को लेकर ससुराल वाले उसे बांझ कहकर प्रताड़ित करते थे। सोमवार को भी इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच जमकर कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि अंकेश ने गुस्से में आकर अपनी बेल्ट से मोनी का गला घोंट दिया।
हत्या के बाद आरोपी ने मृतका की बहन शोभा कुमारी को फोन कर कहा —
“तुम्हारी बहन को मार दिया है, आकर लाश ले जाओ।”
मौके पर पहुंची बहन, बेड पर पड़ी थी लाश
फोन मिलने के बाद शोभा ने अपने पिता संजीत साह को सूचना दी। इसके बाद दोनों करीब 4 किलोमीटर दूर मोनी के ससुराल पहुंचे। वहां पहुंचने पर देखा कि मोनी की लाश पलंग पर पड़ी थी, जबकि पति समेत ससुराल के सभी सदस्य फरार थे।
मृतका के ससुराल में पति, सास-ससुर और उसके चार भाई रहते थे।
पहले से मिल रही थी जान से मारने की धमकी
मृतका के पिता संजीत साह ने बताया कि उन्होंने 2023 में अपनी बेटी की शादी धूमधाम से की थी और अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज भी दिया था। बावजूद इसके बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा। बच्चा नहीं होने को लेकर पंचायत भी हुई थी, लेकिन आरोपी पति अक्सर मोनी को जान से मारने की धमकी देता था।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद उजियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल समस्तीपुर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
उजियारपुर थाना अध्यक्ष अजित कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी और उसके परिजनों की तलाश जारी है।

0 टिप्पणियाँ