भागलपुर/नवगछिया: नवगछिया अनुमंडल के जगतपुर इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खेत में बिछाए गए बिजली के नंगे तार की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान करण के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि खेत में नीलगाय को पकड़ने के लिए बिजली का अवैध जाल बिछाया गया था, जिसकी चपेट में आकर युवक की जान चली गई।
खेत से लौटते समय हुआ हादसा
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, करण शनिवार सुबह अपने खेत में पटवन (सिंचाई) करने गए थे। काम खत्म कर जब वह घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनका पैर फिसल गया। संतुलन बनाने के लिए उन्होंने पास से गुजर रहे एक तार को पकड़ लिया।
उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि उस तार में हाई-वोल्टेज करंट दौड़ रहा है। तार पकड़ते ही वह करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
चीख-पुकार से कांप उठा खेत
खेतों में काम कर रहे किसानों ने बताया कि करंट लगते ही करण जोर-जोर से चीखने लगे। कुछ ही पलों में उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया। जब तक लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़ते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
नीलगाय के लिए बिछाया गया था इलेक्ट्रिक ट्रैप
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि स्थानीय निवासी मंशा शेख ने अपनी फसल बचाने या नीलगाय का शिकार करने के लिए खेत के चारों ओर बिजली का नंगा तार फैला रखा था।
नीलगाय तो इस जाल में नहीं फंसी, लेकिन एक बेगुनाह युवक की जान चली गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।

0 टिप्पणियाँ