भागलपुर: जिले के एकचारी थाना क्षेत्र के दियारा इलाके में किसान बबलू मंडल की हत्या मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि मृतक के नाम का ही एक अन्य व्यक्ति बबलू मंडल इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड निकला।
जानकारी के अनुसार, बबलू मंडल सोमवार को अपने खेत में पटवन (सिंचाई) करने गए थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि हत्या के पीछे जमीन बटाई को लेकर चल रहा पुराना विवाद मुख्य कारण था। आरोपी बबलू मंडल ने अपने ही नाम के व्यक्ति को रास्ते से हटाने के लिए पूरी साजिश रची और हत्या की योजना बनाई।
पुलिस की विशेष टीम ने दियारा क्षेत्र में लगातार छापेमारी कर इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में बबलू मंडल (मास्टरमाइंड), मनोज कुमार मंडल, शंभू कुमार और सूरज कुमार शामिल हैं।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मास्केट (देशी बंदूक), 19 जिंदा कारतूस और 8 खाली खोखा बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो इलाके में बड़ी वारदात हो सकती थी।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

0 टिप्पणियाँ