मिडिल ईस्ट के साथ-साथ अब अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। राजधानी काबुल में हुए एक कथित हवाई हमले को लेकर दोनों देशों के बीच हालात बेहद गंभीर हो गए हैं।
अफगानिस्तान का दावा है कि पाकिस्तान ने काबुल स्थित “ओमिद नशा मुक्ति अस्पताल” को निशाना बनाते हुए बड़ा हवाई हमला किया। इस हमले में करीब 400 लोगों की मौत और लगभग 250 लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है। तालिबान के प्रवक्ता के अनुसार, यह अस्पताल नशे की लत के इलाज के लिए करीब 2000 बिस्तरों वाला बड़ा चिकित्सा केंद्र था।
इस घटना के बाद अफगानिस्तान ने सख्त प्रतिक्रिया देते हुए जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। वहीं पाकिस्तान ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पाकिस्तानी मीडिया ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से इन दावों को “हास्यास्पद” बताया है।
इस बीच भारत ने भी इस कथित हमले की कड़ी निंदा की है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने इसे “कायराना और अमानवीय” बताते हुए कहा कि हमला किसी सैन्य ठिकाने पर नहीं, बल्कि आम नागरिकों पर किया गया।
भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। साथ ही, पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की गई है।
रमजान के पवित्र महीने के दौरान हुए इस कथित हमले को लेकर वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ गई है और क्षेत्र में तनाव और भड़कने की आशंका जताई जा रही है।

0 टिप्पणियाँ