सुपौल: बिहार के सुपौल जिले से भीड़तंत्र की एक बेहद चिंताजनक घटना सामने आई है। रजेश्वरी थाना क्षेत्र के तमुआ पंचायत में एक नाबालिग लड़के को उसकी कथित गर्लफ्रेंड से मिलने जाना भारी पड़ गया। ग्रामीणों ने कानून को हाथ में लेते हुए उसे बंधक बना लिया, बेरहमी से पीटा और फिर मंदिर में जबरन उसकी शादी करा दी।
बताया जा रहा है कि दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी और करीब आठ महीने से दोनों के बीच बातचीत चल रही थी। इसी दौरान मिलने के लिए बुलाए जाने पर लड़का गांव पहुंचा, जहां लोगों ने उसे पकड़ लिया।
मारपीट और जबरन शादी का आरोप
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि बड़ी संख्या में लोग एक नाबालिग लड़के को घेरकर मारपीट कर रहे हैं। लड़का बार-बार हाथ जोड़कर कह रहा है कि वह अभी पढ़ाई कर रहा है और उसकी शादी न कराई जाए, लेकिन भीड़ ने उसकी एक नहीं सुनी।
आरोप है कि मारपीट और धमकी के बाद मंदिर में उससे जबरन लड़की की मांग भरवा दी गई।
मानसिक दबाव में आत्महत्या की कोशिश
परिजनों का कहना है कि मारपीट और अपमान से परेशान होकर लड़के ने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी की। हालांकि वहां मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया।
परिजनों ने लगाया अपहरण का आरोप
लड़के के पिता सुधीर यादव ने बताया कि उनका बेटा सामान खरीदने बाजार गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। उनका आरोप है कि उसे रास्ते से उठा लिया गया और पूरी घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि लड़के की तलाश की जा रही है और वीडियो के आधार पर दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ