मधेपुरा | 01 मार्च, 2026:
मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत तुलसीबाड़ी गोसाईं टोला वार्ड संख्या चार स्थित छोटी मस्जिद के पास रविवार सुबह जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प हो गई। घटना में एक युवती समेत दो महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित मो. सादिर ने बताया कि वह अपनी जमीन पर बांस से घेराबंदी करवा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के मो. नसीम, मो. कासिम, मो. जसीम सहित करीब 15 से 20 लोगों ने अचानक हमला कर दिया। हमलावरों को देखकर मजदूर मौके से भाग निकले। सादिर का आरोप है कि हमलावरों ने उन पर गोली चलाई, जो उनके बगल से निकल गई, जबकि एक गोली उनकी भतीजी माजिना खातून के चेहरे पर जा लगी। वहीं मारपीट के दौरान उनकी भाभी रुकसाना खातून भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस जवान श्यामलकिशोर झा ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे घटना की जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंचने पर घर के बाहर भारी भीड़ जुटी थी और दोनों घायल घर के अंदर थे। एक युवती बेहोश अवस्था में थी, जबकि दूसरी महिला के पैर में गंभीर चोट थी, जिससे वह चलने में असमर्थ थी। दोनों को पुलिस वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
हालांकि, पुलिस ने फिलहाल गोली चलने की पुष्टि नहीं की है। अस्पताल के डॉक्टरों ने भी प्राथमिक जांच में गोली लगने की पुष्टि से इनकार किया है। सदर थाना के एसआई लक्ष्मीनारायण महतो ने बताया कि दोनों घायलों का इलाज जारी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


0 टिप्पणियाँ