पूर्णिया के श्रीनगर में पुलिस पर जानलेवा हमला, सिपाही गंभीर रूप से घायल

.



पूर्णिया। होली पर्व को शांतिपूर्ण बनाने के लिए चलाए जा रहे अवैध शराब विरोधी अभियान के दौरान पूर्णिया जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में कांस्टेबल मोहम्मद आरिफ गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज पूर्णिया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है।

थाना गेट पर घेरकर हमला

सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार के अनुसार, यह विशेष छापामारी अभियान एसपी स्वीटी सहरावत के निर्देश पर चलाया जा रहा था। पुलिस ने श्रीनगर थाना क्षेत्र से शराब के नशे में धुत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

जब पुलिस टीम आरोपियों को लेकर श्रीनगर थाना पहुंची, तो थाना गेट के पास पहले से मौजूद परिजनों और समर्थकों ने गाड़ी को घेर लिया और हंगामा शुरू कर दिया।




लोहे की रॉड से सिर परवार

ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल मोहम्मद आरिफ भीड़
को समझाने की कोशिश कर रहे थे, तभी कुछ उपद्रवियों ने पीछे से उनके सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद वे मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, अधिक रक्तस्राव के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही बिहार मेंस एसोसिएशन, पूर्णिया शाखा के पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल सिपाही का हालचाल जाना। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद पुलिस महकमे में आक्रोश है। वहीं आम लोगों के बीच भी यह सवाल उठ रहा है कि जब कानून के रखवाले ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ