अलीगढ़ के व्यस्त रेलवे रोड इलाके में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पाइपलाइन मरम्मत कार्य के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान महेंद्र कुमार के रूप में हुई है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और नगर निगम व ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि रेलवे रोड पर सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क और सीवर निर्माण कार्य चल रहा है। अप्सरा सिनेमा के सामने पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण जलकल विभाग द्वारा पिछले तीन दिनों से मरम्मत कराई जा रही थी। शनिवार को इसी दौरान अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया और नीचे काम कर रहे महेंद्र कुमार मिट्टी और मलबे के नीचे दब गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। स्थानीय लोगों की मदद से महेंद्र को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हादसे की भयावहता देखी जा सकती है। मृतक के परिजनों ने इस हादसे के लिए सीधे तौर पर ठेकेदार और नगर निगम के जूनियर इंजीनियर नरेंद्र सिंह को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि काम के दौरान सुरक्षा मानकों की पूरी तरह अनदेखी की जा रही थी और मजदूरों से असुरक्षित तरीके से काम कराया गया।
परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए मुआवजे, मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि स्थल पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा उपकरणों का पालन किया जा रहा था। उनके अनुसार घायल मजदूर को तत्काल मेडिकल कॉलेज और फिर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराकर हर संभव चिकित्सा सहायता दी गई थी।
प्रशासन ने परिवार को ठेकेदार के माध्यम से आर्थिक सहायता और सरकारी योजनाओं के तहत अतिरिक्त मदद दिलाने का आश्वासन दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित की गई है, जो तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

0 टिप्पणियाँ