“भागलपुर में सनसनी! ननिहाल में 18 साल की लड़की का शव मिलने से हड़कंप”


 भागलपुर जिले के सजौर थाना क्षेत्र के दरियापुर पासवान टोला में बुधवार सुबह एक 18 वर्षीय युवती का शव उसके ननिहाल में फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सोनाली कुमारी के रूप में हुई है, जो पिछले एक महीने से अपने नाना के घर रह रही थी।

परिजनों के अनुसार, घटना के समय घर के बड़े सदस्य काम से बाहर गए हुए थे। युवती घर में अकेली थी। सुबह जब उसके मामा लौटे, तो कमरे के अंदर उसका शव फंदे से लटका मिला। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी गई।

मृतका मूल रूप से भागलपुर के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर की रहने वाली थी। वह इंटरमीडिएट पास कर चुकी थी और आगे की पढ़ाई को लेकर उत्साहित बताई जा रही थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मोबाइल कॉल डिटेल्स और परिजनों के बयान के आधार पर सच्चाई जानने की कोशिश की जा रही है।

मृतका की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि सोनाली पांच बेटियों में चौथे नंबर पर थी और परिवार की होनहार बच्चियों में से एक थी।

इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। युवती के ननिहाल में रहने, मानसिक स्थिति और अन्य संभावित कारणों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ