मधेपुरा जिले के नगर परिषद क्षेत्र से घरेलू हिंसा का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। वार्ड संख्या 13 निवासी नेहा लाल ने अपने शिक्षक पति रितेश कुमार सिन्हा और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए महिला थाना में न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता के अनुसार, उसके पति का पिछले डेढ़ साल से उत्तर प्रदेश की एक शिक्षिका के साथ अवैध संबंध चल रहा है। जब उसने इसका विरोध किया, तो उसे बेरहमी से पीटा गया। नेहा का आरोप है कि 18 अप्रैल की सुबह साजिश के तहत उसे जान से मारने की नीयत से घसीट-घसीटकर मारा गया, जिसके बाद गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
इतना ही नहीं, 21 मार्च को भी उसके साथ मारपीट कर बच्चों को छीन लिया गया था। पीड़िता का दावा है कि उसके पास मारपीट, धोखे और प्रताड़ना के सीसीटीवी फुटेज सहित कई पुख्ता सबूत मौजूद हैं।
नेहा ने बताया कि वर्ष 2013 में हुई शादी में उसके परिवार ने करीब 55 लाख रुपये नकद और सामान दिया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले लगातार दहेज की मांग कर रहे हैं। आरोप है कि मायके की जमीन बेचकर पैसे लाने का दबाव बनाया जा रहा है, और बात नहीं मानने पर पति दूसरी शादी की धमकी दे रहा है।
महिला थाना अध्यक्ष नीतू कुमारी ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो चुका है। आरोपी पति को पूछताछ के लिए बुलाया गया है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


0 टिप्पणियाँ