मधेपुरा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी और बाद में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
यह मामला कुमारखंड प्रखंड के बेलारी थाना क्षेत्र के गंगाराही वार्ड नंबर 4 का है। आरोप है कि रविवार रात पति सुरेश ऋषिदेव ने अपनी पत्नी त्रिफुल देवी की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को घर से करीब एक किलोमीटर दूर बांसवाड़ी में गड्ढा खोदकर दफना दिया।
सोमवार सुबह जब महिला घर पर नहीं मिली तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच आरोपी खुद थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। यह सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर बांसवाड़ी से शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले में लाइन डीएसपी रवि भूषण ने बताया कि शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद की बात सामने आई है। रविवार को हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद यह वारदात हुई।
फिलहाल पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।


0 टिप्पणियाँ