भागलपुर से 5 बच्चियां रहस्यमय तरीके से लापता, मानव तस्करी की आशंका से सनसनी


 भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-1 से पांच बच्चियों के अचानक लापता होने का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सभी बच्चियां बुधवार देर रात करीब 11 बजे के बाद से गायब बताई जा रही हैं। बच्चियों की उम्र लगभग 8 से 10 वर्ष के बीच बताई गई है।

गायब होने वाली बच्चियों में पल्लवी, गंगा और श्वेता सहित अन्य बच्चियां शामिल हैं। सभी एक ही गांव की रहने वाली और आपस में सहेलियां थीं। घटना के बाद परिजन पूरी रात बच्चियों की तलाश करते रहे, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

मामले में एक बच्ची संध्या ने बड़ा खुलासा किया है। उसने बताया कि उसकी सहेली पल्लवी ने उसे भी साथ चलने के लिए कहा था और बदले में “बहुत पैसे मिलने” की बात कही थी। हालांकि संध्या उनके साथ नहीं गई। इस खुलासे के बाद मानव तस्करी की आशंका और गहरा गई है।

परिजनों का आरोप है कि रात में ही पुलिस को सूचना दे दी गई थी, लेकिन शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। गुरुवार सुबह जब पांचों बच्चियों के लापता होने की पुष्टि हुई तो पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने आशंका जताई है कि बच्चियां किसी मानव तस्कर गिरोह के चंगुल में फंस गई हों सकती हैं। फिलहाल नाथनगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ