चौसा में बहू ने सास की हत्या की, बच्चों को डांटने को लेकर हुआ था विवाद



 चौसा (मधेपुरा): चौसा थाना क्षेत्र के गोसाई पंचायत अंतर्गत कुरसंडी गांव के वार्ड संख्या 10 में शुक्रवार को पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि बहू ने अपनी सास की पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई।

मृतका की पहचान 68 वर्षीय प्रमिला देवी, पत्नी स्वर्गीय पुलकित यादव, के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे प्रमिला देवी अपने घर के दरवाजे पर घास साफ कर रही थीं। इसी दौरान उनकी बहू राजू देवी, पति तूफानी शर्मा, अपने बच्चों को डांट-फटकार रही थी। बच्चे सड़क पर बर्तन लेकर खेल रहे थे।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रमिला देवी ने बहू को बच्चों को गाली-गलौज करने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि बहू ने सास के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर पटक दिया और लकड़ी से भी हमला किया।

घटना में गंभीर रूप से घायल प्रमिला देवी मौके पर ही बेहोश होकर गिर गईं। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौसा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही चौसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा आरोपी बहू की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।

इस घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ