नवगछिया/भागलपुर: नवगछिया पुलिस जिले के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कलाकुंड गांव में एक 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान रंजीत कुमार की पत्नी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
परिजनों के अनुसार सोमवार देर रात प्रियंका घर में खाना बना रही थी, तभी अचानक उसके पेट में तेज दर्द शुरू हुआ। कुछ ही देर बाद उसे लगातार उल्टियां होने लगीं और उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन पहले उसे स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार सुबह करीब 10 बजे डॉक्टरों ने प्रियंका को मृत घोषित कर दिया। मृतका अपने पीछे पति सहित तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है। पति रंजीत कुमार मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार प्रियंका शांत स्वभाव की महिला थी और सामान्य जीवन जी रही थी। उसकी अचानक मौत से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। परिवार और स्थानीय लोगों की निगाहें अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं।
प्रत्यक्ष न्यूज़ की खास रिपोर्ट🙏

0 टिप्पणियाँ