नालंदा: बिहार के नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र में एक 35 वर्षीय विधवा महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ने महिला को मोबाइल रिचार्ज और दवा दिलाने का झांसा देकर सुनसान इलाके में बुलाया, जहां अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के करीब छह घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, घटना 30 जून की शाम की है। महिला आरोपी के बुलावे पर रामपुर हॉल्ट के पास पहुंची, जहां से उसे बाइक पर बैठाकर मक्के के खेत की ओर ले जाया गया। वहां पहले से मौजूद दो अन्य आरोपियों ने भी कथित रूप से महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, उसका मोबाइल छीन लिया और उसे असहाय अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। बाद में वह किसी तरह मुख्य सड़क तक पहुंची, जहां एक राहगीर ने उसकी मदद करते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला को अस्पताल पहुंचाकर चिकित्सीय जांच कराई और उसके बयान के आधार पर मामला दर्ज किया।
जांच के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों—विकास कुमार उर्फ विकास गोप, नीतीश कुमार और शैलेश कुमार—को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी पर पहले से हत्या सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि एक अन्य आरोपी पर भी आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न मामलों में केस दर्ज है।
पीड़िता चार बच्चों की मां है। उसके पति की दो वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। परिवार का पालन-पोषण करने के लिए वह घरों में काम करने के साथ एक निजी स्कूल में भोजन बनाने का कार्य करती है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

0 टिप्पणियाँ