बाइक पर पीछे बैठा दोस्त शूटर को बता रहा था लोकेशन, 3 बार किया कॉल; वैशाली में पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, 2 गिरफ्तार


 वैशाली। जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक अंशुमन की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि वारदात से पहले आरोपी लगातार अंशुमन की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।

बाइक से कर रहे थे पीछा

पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान एक आरोपी बाइक पर पीछे बैठा था और शूटर को युवक की लोकेशन की जानकारी दे रहा था। बताया गया है कि आरोपी ने शूटर को लोकेशन बताने के लिए करीब तीन बार फोन किया था।

लोकेशन मिलने के बाद शूटर ने अंशुमन को निशाना बनाया। पुलिस अब घटना के पीछे की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

पुलिस जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। बताया गया है कि अंशुमन और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। हत्या से करीब एक-दो सप्ताह पहले भी अंशुमन के घर के बाहर गोलीबारी और बमबाजी की घटना हुई थी।

पुलिस के अनुसार, उस समय भी आरोपियों ने अंशुमन के घर के बाहर पहुंचकर हंगामा किया था। मामले को लेकर पुलिस ने जांच शुरू की थी, लेकिन स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के सामने नहीं आने के कारण कई अहम बातें सामने नहीं आ सकीं।

गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में अभिनव का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ बिदुपुर थाने में लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत करीब चार मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस का कहना है कि अंशुमन भी आरोपियों के गिरोह से जुड़ा था और लूट की घटनाओं में शामिल रहा था। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

अन्य आरोपियों की तलाश

पुलिस अब हत्या की पूरी साजिश, शूटर की भूमिका और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ