29 अगस्त से बंद नहीं होगा विक्रमशिला सेतु, गंगा के बढ़ते जलस्तर से टला मरम्मत कार्य


 भागलपुर। भागलपुर और नवगछिया को जोड़ने वाले विक्रमशिला सेतु को 29 अगस्त 2026 से बंद कर मरम्मत शुरू करने की प्रस्तावित योजना फिलहाल टाल दी गई है। गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए पुल बंद करने की प्रक्रिया पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। इससे पुल से आवागमन करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है।

त्योहारों के बीच पुल बंद करने का था विरोध

विक्रमशिला सेतु की मरम्मत के लिए पुल बंद किए जाने की योजना को लेकर स्थानीय स्तर पर पहले से ही विरोध और चिंता जताई जा रही थी। आने वाले त्योहारों को देखते हुए स्थानीय सांसद अजय कुमार मंडल, राजद नेताओं और समाजसेवियों ने त्योहारों के बाद मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की थी, ताकि पूर्वी बिहार के लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और भागलपुर मंडी का कारोबार प्रभावित न हो।

98 करोड़ की लागत से होनी है स्थायी मरम्मत

विक्रमशिला सेतु की स्थायी मरम्मत का काम करीब 98 करोड़ रुपये की लागत से होना है। इसके लिए एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन को काम मिला है। मरम्मत के दौरान बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। BRO की टीम पुराने बेली ब्रिज को हटाने सहित संबंधित कार्य करेगी।

बाढ़ के कारण फिलहाल रोका गया काम

योजना के अनुसार BRO की टीम को 26 अगस्त तक भागलपुर पहुंचना था और 29 अगस्त को पुल बंद करने की प्रक्रिया शुरू होनी थी। लेकिन गंगा में बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की आशंका के चलते फिलहाल यह प्रक्रिया रोक दी गई है।

फिलहाल विक्रमशिला सेतु पर वाहनों का आवागमन जारी रहेगा। हालांकि मरम्मत की जरूरत बनी हुई है और काम को सिर्फ टाला गया है, समाप्त नहीं किया गया। गंगा का जलस्तर कम होने और परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद मरम्मत की नई तारीख तय की जा सकती है।

लाखों लोगों को मिली राहत

विक्रमशिला सेतु के बंद होने से भागलपुर, नवगछिया और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के आवागमन पर व्यापक असर पड़ सकता था। फिलहाल पुल खुला रहने से लोगों को राहत मिली है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की नजर अब गंगा के जलस्तर और बाढ़ की स्थिति पर हैं!

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ