चौसा प्रखंड के फुलौत पंचायत के विभिन्न गांवों में कर्मा-धर्मा पूजा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। बहन-भाई के प्रेम और लोक आस्था से जुड़े इस पर्व को लेकर पूरे इलाके में दिनभर उत्सव जैसा माहौल रहा। गांव की गलियों से लेकर पूजा स्थलों तक पारंपरिक गीत-संगीत की गूंज सुनाई देती रही।
कर्मा-धर्मा पर्व के मौके पर व्रती बहनों ने अपने भाइयों की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए दिनभर निर्जला उपवास रखा। पूजा की तैयारियों को लेकर सुबह से ही महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कई गांव में भी बहनें पूजा के लिए मिट्टी लेकर पहुंचीं। इसके बाद विधि-विधान के साथ करम डाल की स्थापना की गई और पूजा-अर्चना शुरू हुई।
पूजा के दौरान कर्मा और धर्मा की पारंपरिक कथा सुनाई गई। व्रती महिलाओं ने श्रद्धा के साथ कथा का श्रवण किया और अपने भाइयों की खुशहाली के लिए करम देव से प्रार्थना की। कई स्थानों पर पारंपरिक कर्मा गीत गाए गए, जिससे पूरा वातावरण लोक संस्कृति के रंग में रंग गया।
पूजा के दौरान रक्षा सूत्र यानी कर्म डोरा बांधने की परंपरा भी निभाई गई। बहनों ने अपने भाइयों की हर परेशानी से रक्षा और परिवार में सुख-शांति की कामना की।
✴️✴️✴️✴️✴️✴️✴️✴️✴️✴️✴️✴️✴️✴️✴️✴️



0 टिप्पणियाँ