आलमनगर में पानी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत! गंगापुर पंचायत के लुटना टोला में हादसा, परिवारों में मचा कोहराम!


  


बिहार के मधेपुरा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। आलमनगर प्रखंड के रतवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगापुर पंचायत के लुटना टोला, वार्ड नंबर 14 में पानी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे खेलने के दौरान मारवाड़ी धार में चले गए थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वे गहरे पानी में डूब गए। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
खेलने के दौरान हुआ हादसा
मृत बच्चों की पहचान खगेश कुमार (6 वर्ष), पिता जागो पटेल, और प्रिंस कुमार (9 वर्ष), पिता ऊचो यादव के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे खेलने के दौरान मारवाड़ी धार के पास पहुंचे थे। इसी बीच पैर फिसलने से दोनों पानी में डूब गए।
जब काफी देर तक बच्चों का पता नहीं चला, तो ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
परिवार के सबसे छोटे थे दोनों बच्चे
बताया जा रहा है कि खगेश कुमार अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके परिवार में दो बहनें भी हैं। वहीं, प्रिंस कुमार के परिवार में दो भाई और तीन बहनें हैं। प्रिंस भी अपने परिवार में सबसे छोटा था। दोनों बच्चों की असमय मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना पर पहुंचा प्रशासन
घटना की सूचना प्रशासन को भी दी गई। जानकारी मिलने के बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधेपुरा भेज दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
दोनों मासूमों की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और घटना से हर कोई गमगीन है। जिन बच्चों की किलकारियों से घर-आंगन गुलजार रहता था, उनकी मौत से परिवारों की खुशियां पल भर में उजड़ गईं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ