खगड़िया | चौथम
खगड़िया जिला के चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत नीरपुर गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां की रहने वाली दो विवाहित युवतियां रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। लापता युवतियों की पहचान रेशमा कुमारी (उम्र लगभग 19 वर्ष) और विंदवासनी कुमारी (उम्र लगभग 19 वर्ष) के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, 25 फरवरी को दोनों युवतियां जीडी कॉलेज, बेगूसराय प्रैक्टिकल परीक्षा देने के नाम पर घर से निकली थीं। उन्होंने बताया था कि कॉलेज जा रही हैं, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन दोनों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका।
आखिरकार परिजनों ने चौथम थाना में लिखित आवेदन देकर मामले से पुलिस को अवगत कराया। रेशमा कुमारी के पति ने बताया कि अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है, जबकि पुलिस द्वारा युवतियों की तलाश जारी है।
घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस मोबाइल लोकेशन सहित अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है।


0 टिप्पणियाँ