मधेपुरा जिले के मुरलीगंज बायपास रोड पर आज सुबह-सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसा सिलेंडर भरी गाड़ी और मुर्गा फार्म की गाड़ी के बीच आमने-सामने की टक्कर से हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिला अंतर्गत समसी निवासी के रूप में की जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल मुरलीगंज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे, तभी बायपास रोड पर आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
सूचना मिलते ही मुरलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

0 टिप्पणियाँ