सुपौल/नवगछिया |
रिश्तों की कत्लगाह बने सुपौल जिले के बैरो गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। नवगछिया की रहने वाली 23 वर्षीय प्रीति की उसके ही ससुराल वालों ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। सबसे भयावह पहलू यह है कि हत्या के वक्त प्रीति अपनी माँ और नानी से फोन पर बात कर रही थी और उसकी आखिरी चीखें मोबाइल के ऑडियो में कैद हो गईं।
यह ऑडियो अब इस सनसनीखेज हत्याकांड का सबसे अहम सबूत बन चुका है।
माँ से बात करते वक्त टूटी सांसें
नवगछिया के नया टोला निवासी प्रीति की माँ रेणु देवी और नानी बुधो देवी ने बताया कि घटना के समय प्रीति उनसे फोन पर अपनी पीड़ा साझा कर रही थी। तभी उसके पति और सास कमरे में आए और उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। फोन कटा नहीं था, इसलिए पूरी घटना की आवाज रिकॉर्ड हो गई।
माँ का कहना है,
“प्रीति चिल्ला-चिल्लाकर कह रही थी — हमरो मार रहलै हो बाबू… बचा लीजिए… फिर अचानक आवाज बंद हो गई।”
इसके बाद परिवार को अनहोनी की आशंका हुई और सूचना मिलने पर पता चला कि प्रीति की मौत हो चुकी है।
दवा की दुकान के लिए पैसों की मांग, बेल्ट से पिटाई
प्रीति के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पति राजकिशोर महतो दवा की दुकान खोलने के नाम पर लगातार मायके से पैसे लाने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर अक्सर प्रीति के साथ मारपीट होती थी।
परिजनों ने यह भी बताया कि प्रीति दो महीने की गर्भवती थी। जब उसने अपनी तबीयत खराब होने पर दवा की मांग की, तो पति ने दवा देने के बजाय उसे बेल्ट से बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
हत्या को आत्महत्या दिखाने की साजिश
परिवार का आरोप है कि हत्या के बाद ससुराल वालों ने मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए कमरे में फंदा भी लटका दिया था। लेकिन प्रीति के शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशान साफ तौर पर हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं।
इतना ही नहीं, आरोप है कि ससुराल वाले घर में मौजूद प्रीति के सारे गहने और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
शिक्षित और आत्मनिर्भर थी प्रीति
प्रीति का मायका नवगछिया के कदवा बिंदटोली में था, लेकिन वह बचपन से अपनी नानी के घर नया टोला में रहकर पढ़ी-बढ़ी थी। उसने मदन अहिल्या महिला कॉलेज से स्नातक (BA) की पढ़ाई पूरी की थी और कोचिंग में बच्चों को पढ़ाकर आत्मनिर्भर जीवन जी रही थी।
23 अप्रैल 2025 को उसकी शादी सुपौल के बैरो गांव निवासी राजकिशोर महतो से हुई थी। शादी के बाद से ही उस पर दहेज और पैसों के लिए दबाव बनाया जा रहा था।
पुलिस कार्रवाई: पति, सास और ससुर पर फिर
घटना की सूचना मिलते ही सुपौल सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुक्रवार को भागलपुर के बरारी घाट पर गमगीन माहौल में प्रीति का अंतिम संस्कार किया गया।
मृतका की माँ रेणु देवी के बयान पर पति राजकिशोर महतो, ससुर शिवशंकर महतो और सास पार्वती देवी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।
सुपौल सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि,
“तीनों आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पूरी पुष्टि होगी।”
इलाके में आक्रोश, दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
इस दर्दनाक घटना के बाद नवगछिया और सुपौल दोनों क्षेत्रों में भारी आक्रोश है। लोग दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते प्रीति को न्याय नहीं मिला तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

0 टिप्पणियाँ