उदाकिशुनगंज: शादी में वीडियोग्राफी करने गया युवक फंदे से लटका मिला, इलाके में सनसनी

 

उदाकिशुनगंज (मधेपुरा):

नगर परिषद क्षेत्र उदाकिशुनगंज के वार्ड संख्या तीन अंतर्गत मजहरपट्टी मोहल्ले में बुधवार की रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव फंदे से लटकता हुआ पाया गया। मृतक की पहचान नप वार्ड-3 मजहरपट्टी निवासी अमन कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया।

शादी में वीडियोग्राफी करने गया था अमन

परिजनों ने बताया कि बुधवार की शाम अमन वीडियोग्राफी का काम करने एक शादी समारोह में गया हुआ था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

सुबह नहर किनारे घर में लटका मिला शव

गुरुवार की अहले सुबह शौच के लिए निकले लोगों ने नहर के बांध पर बने टीना के घर में युवक का शव फंदे से लटकता हुआ देखा। घटना स्थल से युवक का घर लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित बताया जा रहा है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ