मधेपुरा | बिहार:
मधेपुरा रेलवे स्टेशन पर मासूम बेटियों के अपनी मृत मां के सिर को गोद में लेकर बैठे रहने की दिल दहला देने वाली घटना में अब नया मोड़ सामने आया है। इस मामले में मृतका काजल की गोतनी मशरून खातून ने सहरसा जीआरपी थाना में काजल के कथित प्रेमी मो. अंजार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। प्राथमिकी में अंजार के अलावा उसकी बहन और अन्य परिजनों को भी आरोपी बनाया गया है।
सुखासन गांव में हत्या कर स्टेशन पर फेंका गया शव
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि काजल की हत्या सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के सुखासन गांव में की गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसके शव को मधेपुरा रेलवे स्टेशन पर लाकर छोड़ दिया गया, ताकि मामला भटक जाए और असली सच्चाई सामने न आ सके।
तीन माह से प्रेमी के साथ रह रही थी काजल
मुरलीगंज थाना क्षेत्र के भतखोरा निवासी मो. खुर्शीद की पत्नी मशरून खातून ने पुलिस को बताया कि काजल शादी के बाद अपने पति मो. मुर्शीद के साथ दिल्ली में रह रही थी। करीब तीन माह पहले वह अपनी दोनों मासूम बेटियों को लेकर अपने प्रेमी अंजार के साथ मधेपुरा आ गई थी।
बताया गया कि अंजार, काजल को अपनी बहन गुला खातून के घर सुखासन गांव में रखे हुए था। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान अंजार और उसके परिवार वालों ने मिलकर काजल की हत्या कर दी और शव को रेलवे स्टेशन पर फेंक दिया।
आरोपी पक्ष की सफाई
वहीं दूसरी ओर आरोपी अंजार की बहन गुला खातून का कहना है कि उसका भाई अपनी पत्नी और बच्चों के साथ सिंहेश्वर मेला घूमने आया था। इसी दौरान काजल को अचानक पेट में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद अंजार उसे इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन इसके बाद दोनों का कोई पता नहीं चला। बाद में काजल का शव रेलवे स्टेशन पर मिला।
हत्या से पहले पति को किया था फोन
मृतका के पति मो. मुर्शीद ने हरियाणा से लौटने के बाद बताया कि 23 फरवरी की दोपहर करीब तीन बजे काजल ने उन्हें फोन कर कहा था कि अंजार और उसके परिवार वाले उसकी हत्या की साजिश रच रहे हैं और हत्या के बाद उसे फंसाने की योजना बना रहे हैं।
उन्होंने बताया कि काजल ने इस बातचीत को रिकॉर्ड करने को भी कहा था। अगले ही दिन 24 फरवरी को सूचना मिली कि काजल का शव मधेपुरा रेलवे स्टेशन पर पड़ा हुआ है। इस घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
8 साल पहले किया था प्रेम विवाह
ग्रामीणों ने बताया कि करीब 8 वर्ष पूर्व काजल ने मो. मुर्शीद से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद उसका अपने मायके पक्ष से रिश्ता टूट गया था और वह मायके नहीं जाती थी।
जीरो एफआईआर दर्ज, जांच जारी
जीआरपी थाना प्रभारी रविभूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आवेदन के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज कर ली गई है। चूंकि घटना स्थल सिंहेश्वर थाना क्षेत्र का सुखासन गांव बताया जा रहा है, इसलिए केस को आगे की कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को भेजा जा रहा है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि काजल की मौत बीमारी से हुई या फिर यह प्रेम-प्रसंग में रची गई सोची-समझी साजिश के तहत हत्या है।


0 टिप्पणियाँ