नवगछिया में खून से रंगी होली: 3 दोस्तों को मारी गोली, 2 की मौत; खगड़िया से आए युवकों के साथ खौफनाक वारदात

 

नवगछिया (भागलपुर): होली के जश्न के बीच नवगछिया इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां अज्ञात बदमाशों ने तीन दोस्तों को गोली मार दी। इस हमले में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

ससुराल से लौटते वक्त हुई वारदात

मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र के भौरकाठ गांव के रहने वाले थे। मृतक गुलशन कुमार होली के मौके पर अपनी पत्नी को लेकर इस्माइलपुर के मोरकहिया स्थित ससुराल आया था। पत्नी को ससुराल में छोड़ने के बाद गुलशन अपने दोस्तों धीरज कुमार और अजेश कुमार के साथ एक रिश्तेदार के घर बोरवा गया था।

बताया जा रहा है कि शाम करीब 4 बजे तीनों वहां से निकले, जिसके बाद वे अचानक लापता हो गए। परिजनों ने रात भर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

फोन कॉल से खुला राज

शुक्रवार सुबह घायल अजेश कुमार ने किसी तरह परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और परिजन नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी स्थित कलबलिया धार के पास पहुंचे।

वहां का दृश्य बेहद भयावह था। सड़क किनारे गुलशन कुमार (पिता- सदानंद मंडल) और धीरज कुमार (पिता- अनिल मंडल) के शव खून से लथपथ पड़े थे, जबकि अजेश कुमार (पिता- विजय मंडल) गंभीर रूप से घायल हालत में मिला।

घायल को पटना किया गया रेफर

घायल अजेश को तुरंत इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस इस घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आपसी रंजिश या अन्य कारणों को लेकर जांच की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ