पूर्णिया: जिले, जानकी नगर थाना अंतर्गत मिर्चाईबारी चौक से आगे हरिराम पुल के समीप गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक CNG ऑटो और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरते हुए पास के मकई के खेत में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय ऑटो पर कई लोग सवार थे। टक्कर के बाद ऑटो पर सवार कुछ लोगों के घायल होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस और प्रशासन के पहुंचने से पहले ही कार चालक और ऑटो चालक दोनों मौके से फरार हो गए। वहीं ऑटो में सवार लोग भी घटनास्थल से चले गए, जिससे घायलों की सही संख्या का पता नहीं चल सका।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि टक्कर की आवाज काफी तेज थी, जिसे सुनकर लोग दौड़ते हुए घटनास्थल पर पहुंचे। कार मकई के खेत में जाकर फंस गई थी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस वाहन मालिकों और फरार चालकों की पहचान करने में जुटी है।

0 टिप्पणियाँ