मधेपुरा जिले के चौसा प्रखंड अंतर्गत मोरसंडा पंचायत में देर रात भीषण आग लगने से दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में पिता और पुत्र की जिंदा जलकर मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है।
आग में फंसे पिता-पुत्र
मिली जानकारी के अनुसार, मोरसंडा पंचायत में अचानक घर में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद इंद्रदेव मुनि (लगभग 45 वर्ष) और उनके पुत्र बलराम मनी (लगभग 14 वर्ष) बाहर नहीं निकल पाए। बताया जा रहा है कि आग की चपेट में आने से बलराम मनी पूरी तरह जलकर मलबे में तब्दील हो गया। बेटे को बचाने के लिए पिता इंद्रदेव मुनि आग में कूद पड़े, लेकिन वे भी बुरी तरह झुलस गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मवेशियों का भी भारी नुकसान
इस भीषण आग में घर का काफी सामान जलकर राख हो गया। इसके साथ ही परिवार की कई बकरियां भी आग में जलकर खत्म हो गईं, जिससे परिवार को भारी नुकसान हुआ है।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है, लेकिन अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन और स्थानीय लोग घटना के कारणों की जानकारी जुटाने में लगे हैं।
परिवार में कोहराम
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मृतकों की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं और पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं।
फिलहाल पूरे इलाके में इस दर्दनाक घटना को लेकर गहरा शोक व्याप्त है।

0 टिप्पणियाँ