वर्दी में हथियार लहराते रील बनाना पड़ा भारी, कटिहार में ASI सस्पेंड

कटिहार (बिहार): सोशल मीडिया पर वायरल एक रील ने बिहार पुलिस के एक अधिकारी को भारी पड़ गया। बरारी थाने में तैनात सहायक उप-निरीक्षक (ASI) दिवाकर सरकार को वर्दी में सरकारी हथियार (INSAS राइफल) के साथ रील बनाने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 22 मार्च 2026 की है। ASI दिवाकर सरकार अपने पुलिस दल के साथ गंगा नदी के दियारा क्षेत्र में गश्त पर निकले हुए थे। इसी दौरान उन्होंने पुलिस यूनिफॉर्म में, गले में गमछा डाले और हाथ में सरकारी इंसास राइफल लेकर फिल्मी अंदाज में एक रील बनाई। वीडियो में वे हथियार को कंधे पर रखते, लहराते और पोज देते नजर आ रहे हैं।

रील को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड करते ही यह तेजी से वायरल हो गई। वीडियो के सामने आने के बाद कटिहार के पुलिस अधीक्षक (SP) शिखर चौधरी ने तुरंत संज्ञान लिया और मामले की जांच के आदेश दिए।

जांच में आरोप सही पाए जाने पर SP ने ASI दिवाकर सरकार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। कटिहार पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि ड्यूटी के दौरान वर्दी में अनावश्यक वीडियो बनाना, सरकारी हथियार का प्रदर्शन करना और उसे सोशल मीडिया पर साझा करना विभागीय नियमों का उल्लंघन है।

पुलिस विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह की गतिविधियों से न केवल पुलिस की छवि प्रभावित होती है, बल्कि सुरक्षा संबंधी जोखिम भी पैदा हो सकता है। विभाग की ओर से पहले ही ऐसे मामलों को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।

SP ने साफ संदेश दिया कि पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और सोशल मीडिया पर इस तरह की हरकतों से बचें।

यह मामला बिहार पुलिस द्वारा सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर सख्ती का एक ताजा उदाहरण है। इससे पहले भी कई मामलों में पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ