भागलपुर जिले के नवगछिया की बेटी गरिमा चौधरी अब राष्ट्रीय टेलीविजन पर अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरने जा रही हैं। नवगछिया के राजेंद्र कॉलोनी निवासी गरिमा का चयन नए रियलिटी शो “इंडियाज बेस्ट डांसर” के सीजन-5 में हुआ है। देशभर से आए हजारों प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद गरिमा ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुति से टॉप-12 में जगह बनाई है। अब जून महीने में वह सोनी टेलीविजन पर प्रसारित होने वाले इस चर्चित शो में नजर आएंगी।
जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम का प्रसारण प्रत्येक शनिवार और रविवार रात 8 बजे Sony TV पर किया जाएगा। गरिमा की सफलता से नवगछिया समेत पूरे भागलपुर जिले में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोग इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बता रहे हैं।
गरिमा ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से शो के निर्णायकों का भी दिल जीत लिया। इस बार कार्यक्रम में प्रसिद्ध कोरियोग्राफर और टैलेंट गुरू गीता कपूर, करिश्मा कपूर और जावेद जाफरी निर्णायक की भूमिका में नजर आएंगे। ऑडिशन के दौरान गरिमा की प्रस्तुति देखकर जज भी काफी प्रभावित हुए और उनकी जमकर तारीफ की।
गरिमा के पिता शंकर कुमार चौधरी ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही डांस को लेकर काफी जुनूनी रही है। वह लगातार मेहनत करती रही और परिवार ने भी हर कदम पर उसका साथ दिया। गरिमा फिलहाल दिल्ली में रहकर डांस की प्रोफेशनल ट्रेनिंग ले रही हैं और अपनी कला को लगातार निखार रही हैं।
गरिमा की इस उपलब्धि पर जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल ने भी खुशी जताई। उन्होंने कहा कि गरिमा ने पूरे जिले का नाम रोशन किया है और उनसे लोगों को काफी उम्मीदें हैं। स्कूल, कॉलेज और मोहल्ले के लोगों ने भी गरिमा को बधाई दी है।
छोटे शहर से निकलकर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने वाली गरिमा चौधरी आज उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं, जो अपने सपनों को सच करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अब पूरे नवगछिया और भागलपुर की नजरें जून में प्रसारित होने वाले इस शो पर टिकी हैं, जहां गरिमा अपनी प्रतिभा से पूरे देश का दिल जीतने की तैयारी में हैं।
आस-पास की तमाम खबरें जानने के लिए हमारे चैनल से बने रहे 🙏🙏 किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए कॉल करें👉9279502083🇮🇳



0 टिप्पणियाँ