मधेपुरा, 12 जून: मधेपुरा जिले के लिए शुक्रवार का दिन बेहद दुखद साबित हुआ। ड्यूटी से लौट रहे तीन थानाध्यक्षों एवं वाहन चालक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस हादसे ने पुलिस महकमे समेत पूरे जिले को शोक में डुबो दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आलमनगर प्रखंड के रतवारा थाना अध्यक्ष साजन कुमार, अरार थाना अध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र तथा बेलारी थाना अध्यक्ष नीरज कुमार पटना में प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वापस मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान बेगूसराय जिले के शाहपुर कमाल थाना क्षेत्र में उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसा इतना भीषण था कि तीनों पुलिस अधिकारियों के साथ वाहन चालक की भी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं।
मृत अधिकारियों की कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा को लेकर क्षेत्र में उनकी अलग पहचान थी। उनके असामयिक निधन से पुलिस विभाग और आम लोगों में गहरा दुख व्याप्त है।

0 टिप्पणियाँ