फुलौत में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से 65 वर्षीय अधेड़ की मौत, टोटो चालक घायल


 मधेपुरा। फुलौत थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-106 पर नवनिर्मित फुलौत थाना भवन के समीप गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि टोटो चालक घायल हो गया। घटना करीब सुबह 11 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर की ओर से आ रहे एक टोटो को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में टोटो पर सवार मोरसंडा पंचायत वार्ड संख्या-10 निवासी चलीत्र मंडल (65 वर्ष), पिता स्व. मटुकी मंडल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं टोटो चालक श्रवण कुमार, पिता अनिरुद्ध शर्मा, निवासी बजराहा, थाना आलमनगर घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

घटना की सूचना मिलते ही फुलौत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त टोटो को भी जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखा है।

फुलौत थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष बरुण कुमार शर्मा ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा अज्ञात वाहन की पहचान और घटना की जांच की जा रही है।

घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ