चतरा विमान हादसा: आग से झुलसे संजय प्रसाद की दर्दनाक मौत, एयर एम्बुलेंस हादसे में बुझ गई जिंदगी
चतरा | झारखंड:
चतरा में हुए भीषण विमान हादसे में जान गंवाने वाले चंदवा निवासी संजय प्रसाद की मौत की कहानी बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली है। कुछ दिन पहले उनके होटल में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई थी, जिसमें उनका होटल पूरी तरह जल गया और संजय लगभग 65 प्रतिशत तक झुलस गए थे।
बेहतर इलाज के लिए परिजनों ने उन्हें एयर एम्बुलेंस से दिल्ली ले जाने का फैसला किया। परिवार ने रिश्तेदारों से 7.5 लाख रुपये उधार लेकर एयर एम्बुलेंस बुक की थी। लेकिन किसे पता था कि जिंदगी बचाने की यह कोशिश एक बड़े हादसे में तब्दील हो जाएगी।
रास्ते में ही एयर एम्बुलेंस विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें संजय प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उनकी पत्नी अर्चना की भी जान चली गई। इस दोहरी त्रासदी से पूरा इलाका शोक में डूब गया है।
सतबरवा निवासी प्रकाश कुमार उर्फ ददन ने बताया कि इस घटना से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक है। लोग इसे बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण मान रहे हैं। वहीं संजय के बड़े भाई विजय शॉ ने बताया कि वे उन्हें रांची एयरपोर्ट तक छोड़ने गए थे। घर पहुंचते ही टीवी पर हादसे की खबर मिली, जिसने परिवार को तोड़कर रख दिया।
परिवार ने बताया कि इस हादसे में संजय और उनकी पत्नी दोनों की मौत हो गई, जिससे उनके दो छोटे बच्चे अनाथ हो गए हैं। परिजनों का कहना है कि अगर रांची में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होतीं, तो उन्हें एयरलिफ्ट कराने की जरूरत नहीं पड़ती और शायद यह हादसा टल सकता था।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे झारखंड को झकझोर कर रख दिया है।

0 टिप्पणियाँ